बॉयकॉट से पाकिस्तान का यू-टर्न! पीसीबी ने IND-PAK मैच के लिए ICC को थमाई 3 बड़ी मांगें

भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर जारी विवाद के बीच अब एक और नया ट्विस्ट सामने आया है. पीसीबी ने भारत के साथ मैच खेलने के लिए तीन बड़ी शर्ते रखी हैं.

Date Updated Last Updated : 08 February 2026, 10:43 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं लेकिन टूर्नामेंट के हाई वोल्टेज मैच यानी की भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर जारी विवाद के बीच अब एक और नया ट्विस्ट सामने आया है. भारत-पाक मैच हमेशा से ही चर्चा में रहा है लेकिन इस बार ये मैच खेल के लिए नहीं बल्कि राजनीति के चलते चर्चा में है.

15 फरवरी को कोलंबो में दोनो टीमों के बीच ग्रुप स्टेज का मैच होना है. लेकिन पाकिस्तान इस मैच का बहिस्कार कर रहा है. लेकिन आईसीसी के कड़े रुख और श्रींलका के मेल के बाद पाकिस्तान अब यू टर्न लेने को तैयार है. पीसीबी ने भारत के साथ मैच खेलने के लिए तीन शर्ते रखी हैं. 

पीसीबी ने बदले सुर, बातचीत के संकेत

ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अब अपने रुख पर दोबारा सोच सकता है. हालांकि, इसके लिए उसने आईसीसी के सामने कुछ अहम शर्तें रखी हैं, जिन पर सहमति बनना आसान नहीं माना जा रहा. पाकिस्तान ने भारत के साथ ग्रुप स्टेज मैच खेलने के लिए तीन शर्तें रखी है. पीसीबी का कहना है कि अगर भारत इन शर्तों को मानता है तो ही पाकिस्तान भारत के साथ मैच खेलने को राजी होगा. 

आईसीसी राजस्व में बढ़ी हिस्सेदारी की मांग

पीसीबी की पहली और सबसे बड़ी मांग आईसीसी के राजस्व में ज्यादा हिस्सेदारी की है. मौजूदा व्यवस्था में पाकिस्तान को सालाना करीब 34.5 मिलियन डॉलर मिलते हैं, लेकिन बोर्ड का मानना है कि भारत-पाक मैचों से होने वाली कमाई में उसकी भूमिका अहम है, इसलिए उसे ज्यादा हिस्सा मिलना चाहिए.

भारत-पाक द्विपक्षीय क्रिकेट की वापसी

पीसीबी की दूसरी मांग है कि दोनों देशों के बीच एक बार फिर से  द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज को शुरू किया जाए. बता दें भारत और पाकिस्तान ने आखिरी बार 2013 में द्विपक्षीय सीरीज खेली थी. हालांकि, जानकारों का कहना है कि यह फैसला बीसीसीआई से ज्यादा भारत सरकार के स्तर पर होता है, इसलिए इस मांग के पूरे होने की संभावना कम है.

हाथ न मिलाने की नीति पर आपत्ति

पीसीबी की तीसरी शर्त की बात करें तो वह खेल भावना से जुड़ी है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सितंबर एशिया कप 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ मैचों में हाथ न मिलाने की नीति अपनाई थी.

उस टूर्नामेंट  में भारत-पाक तीन मैच में भिड़े थे लेकिन एक भी मैच में दोनो टीमों ने हाथ नहीं मिलाया था. अब पाकिस्तान चाहता है कि खेल के दौरान हाथ मिलाने की इस परंपरा को दोबारा शुरू किया जाए ताकि खेल भावना बनी रहे.

सम्बंधित खबर