नई दिल्ली: रूस के बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक में शनिवार को एक विश्वविद्यालय परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हॉस्टल के अंदर स्पोर्ट्स हॉल में अचानक चाकूबाजी की घटना हो गई. इस हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल हो गए हैं, जिससे न सिर्फ स्थानीय प्रशासन बल्कि वहां पढ़ रहे अंतरराष्ट्रीय छात्रों में भी डर का माहौल बन गया.
यह घटना रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी ऊफा में स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रावास में हुई. मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भारतीय नागरिकों को चोटें आई हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
रूसी आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक 15 वर्षीय किशोर चाकू लेकर मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घुसा और वहां मौजूद छात्रों पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में कई छात्र घायल हो गए. जब तक किसी को कुछ समझ आता तब तक कई छात्र घायल हो चुके थे.
#BREAKING: 4 Indian students among several people injured in a knife attack in Russia's Ufa, as per Indian embassy in Moscow. Stabbing attack took place in the sports hall of a foreign students' hostel at a University in Russia's Bashkortostan Republic. Indian Officials rushing. pic.twitter.com/WFsdEicSna
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) February 7, 2026
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे. वह लगातार गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे. इस दौरान दो पुलिस अधिकारी भी चाकू से घायल हो गए. गृह मंत्रालय की प्रवक्ता इरिना वोल्क ने बताया कि, हाथापाई में आरोपी खुद भी घायल हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया.
भारतीय दूतावास ने इस घटना पर शोक जाहीर किया है. उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं. दूतावास ने स्पष्ट किया कि वह रूसी अधिकारियों के संपर्क में है और कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों की मदद के लिए ऊफा रवाना हो रहे हैं.
छात्रावास में मौजूद लोगों ने हमले के बाद अंदर खून और चीख-पुकार का माहौल बताया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बर्फीले रास्तों से पुलिस को एक घायल व्यक्ति को उठाकर ले जाते देखा जा सकता है. स्थानीय मीडिया फुटेज में एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
अब तक रूसी अधिकारियों ने हमले के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं किया है. हालांकि कुछ रूसी मीडिया चैनलों ने दावा किया है कि आरोपी का संबंध एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से हो सकता है. हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.