नई दिल्ली: एक बार फिर से दिल्ली से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बीती शाम एक प्राइवेट बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर काम कर रहे 25 वर्षीय कमल ध्यानी की गढ्ढे में गिर कर मौत हो गई. जिस घर में आधी रात केक काटने की तैयारी थी, वहीं कुछ घंटों बाद सन्नाटा और चीख-पुकार गूंज रही थी.
कॉल सेंटर कर्मचारी कमल ध्यानी के माता-पिता अपने बेटे का इंतज़ार कर रहे थे, जो काम से लौटकर उनकी शादी की सालगिरह मनाने वाला था. लेकिन यह इंतज़ार एक दर्दनाक हादसे में बदल गया, जिसने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी.
बता दें शुक्रवार देर रात करीब 12:50 बजे कमल ने अपने जुड़वा भाई करण को फोन कर बताया था कि वह 15 मिनट में घर पहुंच जाएगा. इसके बाद उसका फोन बंद हो गया. घंटों की तलाश के बाद शनिवार सुबह पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि पश्चिमी दिल्ली में बाइक चलाते वक्त कमल दिल्ली जल बोर्ड (DJB) द्वारा खोदे गए करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि जब आखिरी कॉल के बाद कमल का फोन बंद आने लगा तो परिजनों ने कमल को तलाशना शुरु किया. वह सबसे पहले रोहिणी सेक्टर-10 स्थित उस कॉल सेंटर पहुंचे, जहां कमल काम करता था.
मैनेजर ने बताया कि वह ड्यूटी खत्म कर निकल चुका था. इसके बाद परिवार और मैनेजर ने कई पुलिस थानों में जाकर उसकी तलाश की.
सुबह पुलिस ने बताया कि कमल का शव और उसकी मोटरसाइकिल जनकपुरी इलाके में सीवर पाइपलाइन परियोजना के लिए खोदे गए गड्ढे में मिले. यह वही बाइक थी, जो कमल ने अपने जन्मदिन पर अपनी बचत से खरीदी थी.
परिवार ने घटना स्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज की मांग की है और पुलिस व डीजेबी पर गंभीर लापरवाही का आरोप भी लगाया है. पुलिस ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है, जबकि डीजेबी के तीन इंजीनियरों को निलंबित कर दिया गया है.
बता दें कुछ दिनों पहले ही नोएडा से एक ऐसा ही मामला सामने आया था जब एक गड्ढे में डूबकर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई थी.