अब तक की सबसे उलझी टीम? डोडा गणेश ने चयन नीति पर उठाए तीखे सवाल, गौतम गंभीर पर भी साधा निशाना

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में भारतीय क्रिकेट टीम का चयन और बल्लेबाजी दोनों ही सवालों के घेरे में हैं. टीम मैनेजमेंट के फैसलों ने न सिर्फ फैंस को हैरान किया है, बल्कि कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी खुलकर नाराजगी जताई है.

Date Updated Last Updated : 25 November 2025, 01:31 PM IST
फॉलो करें:

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में भारतीय क्रिकेट टीम का चयन और बल्लेबाजी दोनों ही सवालों के घेरे में हैं. टीम मैनेजमेंट के फैसलों ने न सिर्फ फैंस को हैरान किया है, बल्कि कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी खुलकर नाराजगी जताई है. इसी कड़ी में पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज डोडा गणेश ने हेड कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट को कठघरे में खड़ा कर दिया है. उनका कहना है कि मौजूदा भारतीय टीम अपनी भूमिका और चयन को लेकर “अब तक की सबसे कंफ्यूज टीम” दिख रही है.

नंबर-3 की जगह बनी सिरदर्द

सीरीज शुरू होने से पहले करुण नायर और साई सुदर्शन को नंबर-3 के स्थान के लिए तैयार किए जाने की खबरें थीं. माना जा रहा था कि इनमें से कोई एक प्लेइंग-XI में अपनी जगह पक्की करेगा. लेकिन जैसे ही पहला टेस्ट शुरू हुआ, सभी हैरान रह गए जब इस अहम स्लॉट पर बल्लेबाजी करने उतरे वॉशिंगटन सुंदर, जो मूल रूप से स्पिन ऑलराउंडर माने जाते हैं.

साई सुदर्शन स्क्वॉड में मौजूद थे, लेकिन उन्हें प्लेइंग-XI में जगह भी नहीं मिली. वहीं दूसरे टेस्ट में गुवाहाटी में अचानक हालात बदले और आखिरकार साई सुदर्शन को मौका दिया गया, जहां वे नंबर-3 पर उतरे. टीम के इन लगातार बदलावों को देखकर डोडा गणेश ने सवाल किया कि आखिर चयन नीति में इतना भ्रम क्यों है?

डोडा गणेश का प्रहार

गणेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि टीम मैनेजमेंट के फैसले समझ से बाहर हैं. उन्होंने कहा कि लगातार प्रयोग और स्पष्ट रणनीति का अभाव टीम को नुकसान पहुंचा रहा है. उनके अनुसार, खिलाड़ियों की भूमिकाएं तय न होना टेस्ट मैच जैसी गंभीर फॉर्मेट में टीम को भारी पड़ सकता है.

मैदान पर भी टीम की हालत ढीली

बल्लेबाजी में भी भारतीय टीम ने निराश किया. दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाकर बढ़त बना ली. इसके जवाब में भारत मात्र 201 रन पर ढेर हो गया. एक समय स्कोर 122/7 था, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर (48) और कुलदीप यादव (19) ने 72 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को और शर्मनाक स्थिति से बचाया. सुंदर के आउट होते ही भारतीय पारी फिर लड़खड़ा गई. दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज मार्को जैंसन ने 6/48 लेकर भारत की कमर तोड़ दी, जबकि स्पिनर साइमन हार्मर ने 3/64 हासिल किए. पहली पारी के आधार पर भारत को 288 रनों का बड़ा अंतर मिल गया, जिससे टीम की मुश्किलें और बढ़ गईं.

सम्बंधित खबर