नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों गंभीर परिचालन संकट से जूझ रही है. बड़े पैमाने पर उड़ानों के लेट और कैंसिल होने से लाखों यात्रियों की परेशानियां बढ़ गई हैं. स्थिति बिगड़ते देख केंद्र सरकार भी सक्रिय हो गई है, जबकि DGCA ने एयरलाइन के CEO पीटर एल्बर्स को शो-कॉज नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है कि आखिर इतनी भारी अव्यवस्था क्यों हुई.
बोर्ड की आपात बैठक
इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन ने बताया कि उड़ानों में लगातार बढ़ रही देरी और रद्दीकरण को देखते हुए बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की आपात बैठक बुलाई गई. बैठक में प्रबंधन टीम ने बोर्ड सदस्यों को स्थिति की गंभीरता, देरी के कारणों और तत्काल उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत जानकारी दी. कंपनी के अनुसार, जैसे ही उड़ानों में गड़बड़ियों का पैमाना बढ़ा, बोर्ड ने इसे शीर्ष प्राथमिकता पर लेते हुए सख्त निर्णय लागू किए.
क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप का गठन
बोर्ड मीटिंग के बाद कंपनी ने एक उच्चस्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप (CMG) गठित किया है. इसमें चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता, बोर्ड डायरेक्टर्स ग्रेग सरेट्स्की, माइक व्हिटेकर, अमिताभ कांत, और CEO पीटर एल्बर्स शामिल हैं. यह समूह लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है और प्रबंधन से नियमित अपडेट ले रहा है कि उड़ानों को समय पर लाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं.कंपनी ने बयान में कहा कि CMG का उद्देश्य संचालन को जल्द से जल्द सामान्य करना और यात्रियों की असुविधा को कम करना है.
रिफंड व री-शेड्यूलिंग में छूट
इंटरग्लोब एविएशन ने कहा कि कंपनी उन सभी यात्रियों को तुरंत राहत प्रदान कर रही है जिन्हें लेट या कैंसिल उड़ानों की वजह से परेशानी उठानी पड़ी.यात्रियों को टिकट कैंसिल करने पर फुल रिफंड, और तारीख बदलने पर अतिरिक्त शुल्क में छूट दी जा रही है. कंपनी का कहना है कि ग्राहक सेवा इस समय उनकी पहली प्राथमिकता है.
CEO को भेजा शो-कॉज नोटिस
वहीं DGCA ने उड़ानों में बिगड़ती अव्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए इंडिगो के CEO को नोटिस जारी किया है. DGCA ने कहा कि हाल के दिनों में इंडिगो की कई उड़ानें घंटों लेट हुईं या रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी. नियामक ने इसे “योजना और संसाधन प्रबंधन में गंभीर लापरवाही” करार दिया. DGCA ने कंपनी से जवाब मांगा है कि ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न हुई और भविष्य में इसे रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं.
FDTL नियम बना बड़ी चुनौती
इंडिगो के संचालन में अव्यवस्था की मुख्य वजह DGCA द्वारा लागू किए गए नए FDTL (Flight Duty Time Limitations) नियमों को बताया जा रहा है. इन नियमों के लागू होते ही पायलटों और क्रू की ड्यूटी समय सीमा में अचानक कटौती हुई, जिससे क्रू की कमी हो गई और उड़ान संचालन प्रभावित होने लगा. इंडिगो संकट की इस स्थिति पर सरकार भी कड़ी नजर बनाए हुए है और कंपनी से हर कदम पारदर्शिता के साथ उठाने की अपेक्षा कर रही है.