नड्डा ने 'यमुना में जहर' को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधा, आप प्रमुख को 'राष्ट्र विरोधी' करार दिया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को दिल्ली में सत्तारूढ़ ‘आप’ पर निशाना साधा और लोगों से आगामी चुनाव में राष्ट्रीय राजधानी को ‘‘आप-दा’’ मुक्त बनाने का आह्वान किया.

Date Updated Last Updated : 30 January 2025, 07:32 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: social media

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को दिल्ली में सत्तारूढ़ ‘आप’ पर निशाना साधा और लोगों से आगामी चुनाव में राष्ट्रीय राजधानी को ‘‘आप-दा’’ मुक्त बनाने का आह्वान किया.

नड्डा ने यहां कृष्णा नगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल की इस टिप्पणी के लिए भी आलोचना की कि हरियाणा सरकार ‘‘यमुना में जहर घोल रही है.’’

नड्डा ने इस तरह का आरोप लगाने के लिए केजरीवाल को ‘‘राष्ट्र-विरोधी’’ करार दिया. उन्होंने कहा, ‘‘वह दिल्ली और हरियाणा के लोगों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर रहे हैं. वह लोगों में दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. वह राजनीति में बने रहने के लायक नहीं हैं.’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ‘आप’ के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने यमुना सफाई परियोजनाओं में घोटाला किया है. उन्होंने कहा, ‘‘मैं देख सकता हूं कि आपने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है. यह कोई साधारण चुनाव नहीं है, यह दिल्ली की तकदीर और तस्वीर बदलने का चुनाव है.’’

नड्डा ने रैली में कहा, ‘‘यह चुनाव दिल्ली को उस आम आदमी पार्टी से मुक्त करने के लिए है, जिसे ‘आप-दा’ के रूप में जाना जाता है... यह चुनाव आपको उन सभी समस्याओं से मुक्त करने के लिए है, जिनका सामना आपने उनके कार्यकाल में किया है.’’ दिल्ली विधानसभा की 70 सीट के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतगणना आठ फरवरी को होगी.

(इस खबर को सलाम हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है) 

सम्बंधित खबर