कर्नाटक के कोप्पल में बेकरी के अंदर तलवारों से क्रूर हत्या, 7 गिरफ्तार, दिल दहलाने वाला मामला

कर्नाटक के कोप्पल जिले के तावरेगेरा कस्बे में रविवार को एक 35 वर्षीय व्यक्ति की बेकरी के अंदर तलवारों और गंडासों से बेरहमी से हत्या कर दी गई.

Date Updated Last Updated : 02 June 2025, 05:52 PM IST
फॉलो करें:

Koppal murder: कर्नाटक के कोप्पल जिले के तावरेगेरा कस्बे में रविवार को एक 35 वर्षीय व्यक्ति की बेकरी के अंदर तलवारों और गंडासों से बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, यह जघन्य अपराध पुरानी दुश्मनी और संपत्ति विवाद के चलते हुआ.

मृतक की पहचान चन्नप्पा हुसैनप्पा नरिनाल के रूप में हुई है. सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि चन्नप्पा अपनी जान बचाने के लिए बेकरी में भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर तलवारों से वार किया और एक हमलावर ने उनके सिर पर लकड़ी के लट्ठे से प्रहार किया.

पुलिस ने सात आरोपियों को किया गिरफ्तार

कोप्पल पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है. कोप्पल के पुलिस अधीक्षक एल आर अरसिद्दी ने बताया कि इस हत्या में कुल 10 लोग शामिल थे, जिनमें से चार ने सीधे हमला किया. शेष तीन आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्होंने इस अपराध को उकसाने में भूमिका निभाई. पुलिस ने मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह हमला एक पुराने संपत्ति विवाद और पारिवारिक रंजिश का परिणाम था.

सीसीटीवी ने खोली क्रूरता की सच्चाई

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि चन्नप्पा बेकरी के अंदर अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें घेर लिया. उनके शरीर पर गहरे घाव साफ दिखाई दे रहे थे. हमलावरों ने बेकरी के अंदर और बाहर दोनों जगह चन्नप्पा पर ताबड़तोड़ वार किए, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए. पुलिस ने जांच तेज कर दी है और बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया है.

सम्बंधित खबर