मुंबई: साल 1997 में जब संदेसे आते हैं गूंजा था, तो पूरा देश भावुक हो गया था. अब 29 साल बाद उसी गौरवशाली इतिहास को दोहराने के लिए बॉर्डर 2 सिनेमाघरों में उतरी है और आते ही बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा दी है. अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म मात्र दो दिनों में ₹60 करोड़ का आंकड़ा पार कर 2026 की सबसे बड़ी ओपनर बन गई है. भूषण कुमार और निधि दत्ता द्वारा निर्मित यह फिल्म देशभक्ति के उस जज्बे को फिर से जीवित कर रही है जो हर भारतीय के रगों में दौड़ता है. इस फिल्म के लिए फैंस पागल हो रहे हैं.
बॉर्डर 2 ने अपनी रिलीज के दूसरे दिन भी अपनी पकड़ ढीली नहीं होने दी. Sacnilk के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने दूसरे दिन रात 9 बजे तक ₹30.04 करोड़ की जबरदस्त कमाई की है. पहले दिन के ₹30 करोड़ के साथ फिल्म का कुल कलेक्शन अब ₹60.04 करोड़ हो गया है. जिस रफ़्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह फिल्म अपने पहले वीकेंड के खत्म होने तक ₹100 करोड़ के क्लब में आसानी से शामिल हो जाएगी.
फिल्म को लेकर दीवानगी का आलम यह है कि उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद में फैंस अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रैक्टरों पर चढ़कर सिनेमा हॉल पहुंचे. ट्रैक्टरों पर सनी देओल के बड़े-बड़े पोस्टर लगे थे और पूरा माहौल 'हिंदुस्तान जिंदाबाद' के नारों से गूंज उठा. यह नजारा साबित करता है कि सनी देओल का मास-क्रेज आज भी किसी युवा सुपरस्टार से कम नहीं है. इसके मुताबिक आने वालें दिन फिल्म के लिए और भी अच्छें होंगे.
बॉर्डर 2 महज एक फिल्म नहीं, बल्कि 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की उन अनकही कहानियों का मेल है जहां सेना, नौसेना और वायु सेना ने एक साथ मिलकर दुश्मन के छक्के छुड़ाए थे. सनी देओल के साथ इस बार वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की चौकड़ी ने पर्दे पर आग लगा दी है. मोना सिंह, सोनम बाजवा और मेधा राणा ने भी अपनी अदाकारी से फिल्म में भावनात्मक गहराई जोड़ी है.