CNG पंप पर अरीबा खान ने कर्मचारी पर तानी रिवॉल्वर, Video viral, एक्शन में पुलिस 

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बिलग्राम के सांडी रोड पर स्थित एक HP पेट्रोल पंप पर रविवार शाम को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई.

Date Updated Last Updated : 16 June 2025, 01:16 PM IST
फॉलो करें:

Hardoi Viral Video's: रविवार शाम UP के हरदोई जिले में बिलग्राम के सांडी रोड पर स्थित एक HP पेट्रोल पंप पर हैरान करने वाला मामला सामने आया. शाहबाद निवासी एहसान खान अपनी पत्नी बेगम हुस्नबानो और बेटी अरीबा खान के साथ बलेनो कार में CNG भरवाने पहुंचे. पंप कर्मचारी रजनीश कुमार ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए सभी को गाड़ी से उतरने को कहा. एहसान खान और हुस्नबानो ने निर्देश का पालन किया, लेकिन अरीबा ने गाड़ी से उतरने से इनकार कर दिया.

विवाद से रिवॉल्वर तक

रजनीश ने सुरक्षा नियमों पर अड़कर CNG भरने से मना किया, जिससे एहसान खान के साथ उनकी तीखी बहस शुरू हो गई. बात इतनी बढ़ी कि अरीबा खान गुस्से में गाड़ी से उतरीं और रजनीश के सीने पर लाइसेंसी रिवॉल्वर तान दी.

उन्होंने धमकी देते हुए कहा, “इतनी गोलियां मारूंगी कि घरवाले भी पहचान नहीं पाएंगे.” इस घटना से पंप पर हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत किया. घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

क्षेत्र में दहशत का माहौल 

वीडियो वायरल होने के बाद हरदोई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. वीडियो की तहरीर पर बिलग्राम कोतवाली में एहसान खान, अरीबा खान और हुस्नबानो के खिलाफ आर्म्स एक्ट और धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया.

पुलिस अधीक्षक नीरज यादव ने बताया कि मामले की जांच चल रही है. इस घटना ने स्थानीय लोगों और पंप कर्मचारियों में दहशत फैला दी. पुलिस ने सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कदम उठाने का आश्वासन दिया है.

सम्बंधित खबर