दिल्ली: 30 साल के जज घर में मृत मिले, परिवार बोला - पत्नी से झगड़े के बाद रोए थे

दोपहर करीब 1:45 बजे सफदरजंग एन्क्लेव थाने में PCR कॉल आई। कॉल अमन के साले शिवम ने की थी। उन्होंने बताया, "मेरे जीजा ने घर के बाथरूम में आत्महत्या कर ली है।"

Date Updated Last Updated : 02 May 2026, 10:11 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में एक न्यायिक अधिकारी अपने घर के बाथरूम में मृत पाए गए। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। मृतक की पहचान अमन कुमार शर्मा के तौर पर हुई है। वह कड़कड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव थे। उनकी उम्र सिर्फ 30 साल थी।

PCR कॉल के बाद पहुंची पुलिस   

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोपहर करीब 1:45 बजे सफदरजंग एन्क्लेव थाने में PCR कॉल आई। कॉल अमन के साले शिवम ने की थी। उन्होंने बताया, "मेरे जीजा ने घर के बाथरूम में आत्महत्या कर ली है।" 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ग्रीन पार्क मेन स्थित घर पहुंची। अमन बाथरूम के अंदर मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में फांसी लगाकर जान देने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई गड़बड़ी के सबूत नहीं मिले हैं। फिर भी हर पहलू से जांच हो रही है।

जज ने क्यों की आत्महत्या?   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार परिवार के एक रिश्तेदार ने मृतक के पिता के हवाले से बताया कि अमन ने रात करीब 10 बजे अपने पिता को फोन किया था। उन्होंने कहा था, “मैं बहुत परेशान हूं, मेरे लिए जीना मुश्किल हो गया है।” उस वक्त पिता अलवर में थे। बेटे की बात सुनकर वे तुरंत दिल्ली के लिए निकल पड़े और आधी रात को घर पहुंचे। 

पत्नी को लेकर मानसिक उत्पीड़न का आरोप   

जज परिवार का आरोप है कि अमन पिछले दो महीनों से अपनी पत्नी के साथ परेशान चल रहे थे। पत्नी भी न्यायिक अधिकारी हैं। अमन की बहन जम्मू में तैनात IAS अधिकारी हैं। पिता के बयान के मुताबिक, अमन ने बताया था कि घर पर उनका मानसिक उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने कहा था, “घर पर निधि मलिक का पूरा नियंत्रण है, सब कुछ उन्हीं की मर्जी से होता है।” 

वहीं परिवार ने दावा किया कि जब पिता ने पत्नी के माता-पिता से बात करनी चाही तो उनका नंबर ब्लॉक मिला। एक रिश्तेदार को बुलाकर मामला सुलझाने की कोशिश हुई, लेकिन बाद में उन्होंने दखल देने से मना कर दिया।

घटना से पहले भी हुई थी बहस

मृतक के पिता ने बताया कि घटना से पहले घर में शोर-शराबा और बहस हो रही थी। अमन एक कमरे में थे और उनकी पत्नी दूसरे कमरे में। रिश्तेदार के मुताबिक, “वह जोर-जोर से बोल रही थी और अमन रो रहा था।”

कुछ देर बाद जब अमन नहीं दिखे तो उनके फोन पर कॉल किया गया। फोन की घंटी बाथरूम के अंदर से आ रही थी। दरवाजा अंदर से बंद था। मजबूरन खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर जाना पड़ा। अमन कपड़े के टुकड़े से लटके हुए मिले।

कानून की पढ़ाई से DLSA सचिव तक का सफर   

आपको बताते चलें कि अमन ने 2018 में पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से लॉ की डिग्री ली थी। 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की। अपने कार्यकाल में उन्होंने आपराधिक और दीवानी दोनों तरह के मामले देखे। अक्टूबर 2025 से वह कड़कड़डूमा कोर्ट स्थित DLSA में पूर्णकालिक सचिव के पद पर थे।

जांच जारी, पोस्टमॉर्टम के बाद खुलेगा राज   

गौरतलब है कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं हुई है। 

कड़कड़डूमा बार एसोसिएशन ने भी अमन की तैनाती की पुष्टि की है। एक युवा जज की मौत ने न्यायिक जगत को झकझोर दिया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिवार के बयानों के बाद ही असली वजह सामने आएगी।

सम्बंधित खबर