IND vs SA: शुभमन गिल दूसरे टेस्ट मैच से हुए बाहर, ऋषभ पंत करेंगे कप्तानी

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच गुवाहाटी में 22 नवंबर से खेला जाना है. इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है और कप्तान शुभमन गिल चोट की वजह से बाहर हो गए हैं.

Date Updated Last Updated : 21 November 2025, 02:21 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में बड़ा झटका लगा है. कप्तान शुभमन गिल गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं. 

गिल की गर्दन में अकड़न की समस्या फिर से उभर आई है, जिसके कारण बीसीसीआई ने उन्हें टीम से रिलीज कर दिया. अब गिल की जगह विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए नजर आने वाले हैं.

गिल की चोट और वापसी की संभावना

शुभमन गिल को कोलकाता टेस्ट के दौरान ही चोट लगी थी. दूसरे दिन की बल्लेबाजी में सिर्फ तीन गेंद खेलने के बाद वे रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए थे. 

इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. तीसरे दिन बीसीसीआई ने घोषणा की कि वे उस मैच में आगे हिस्सा नहीं लेंगे. भारत वह मैच 30 रन से हार गया था.

प्रैक्टिस में नहीं आए गिल

गुरुवार को गिल टीम के साथ अभ्यास में भी शामिल नहीं हुए. शुक्रवार सुबह वे विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेने मुंबई चले गए. टीम के मेडिकल स्टाफ ने किसी भी जोखिम से बचने का फैसला लिया और उन्हें आराम करने की सलाह दी. 

यह दूसरी बार है जब गिल गर्दन की इसी समस्या की वजह से टेस्ट मैच से बाहर हुए हैं. इससे पहले अक्टूबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी वे एक टेस्ट नहीं खेल पाए थे.

ऋषभ पंत करेंगे टीम की कप्तानी

शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में उप-कप्तान ऋषभ पंत गुवाहाटी टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे. पंत इस सीरीज में पहले ही शानदार फॉर्म में हैं और उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के साथ-साथ नेतृत्व करने की क्षमता भी सबने देखी है.

टीम में बदलाव और नई चुनौती

गिल के बाहर होने से भारतीय बल्लेबाजी क्रम में बड़ा बदलाव होगा. गिल की जगह साई सुदर्शन का वापसी तय मानी जा रही है. तो वहीं अक्षर पटेल को बाहर किया जा सकता है और नीतीश कुमार रेड्डी को मौका दिया जा सकता है.

ऋषभ पंत रचेंगे इतिहास

ऋषभ पंत अब गिल की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया की कप्तानी करने वाले हैं. ऐसे में वे एमएस धोनी के बाद भारत के दूसरे विकेटकीपर होंगे, जो टीम इंडिया की टेस्ट में कप्तानी करते हुए नजर आएंगे.

सम्बंधित खबर